धौलाना। थाना क्षेत्र के गांव देहरा स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इसमें गांव गालंद निवासी दीपक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव गालंद निवासी दीपक अपने गांव के ही मोहित व दीपांशु के साथ रविवार की रात धौलाना से दवा लेने गए थे। दवा लेकर तीनों बाइक से गांव लौट रहे थे। गांव देहरा स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर मसूरी की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक कंटेनर को मौके पर छोड़कर भाग गया। हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायलों को धौलाना के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर हालत देख मोहित व दीपांशु को जिला अस्पताल हापुड़ के लिए रेफर कर दिया। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि कंटेनर को कब्जे में लिया गया है। जबकि चालक फरार है। दुर्घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर कंटेनर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
-