पिलखुवा। नगर कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार को हाईवे 9 पर बाइक अचानक से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार जनपद बिजनौर थाना नहटौर चांदपुर रोड मीमला मुस्तफाबाद निवासी साहिल (30) शादी समारोह आदि में डेकोरेशन करता था। बृहस्पतिवार को वह गाजियाबाद में डेकोरेशन का काम करके बिजनौर जा रहा था। जैसे ही वह हाईवे 9 पर रिलायंस कट के पास पहुंचा तो बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।