कुचेसर चौपला। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के हाईवे 9 स्थित गांव रसूलपुर के पास अनियंत्रित कार पीछे से ट्रक में घुस गई। दुर्घटना में कार सवार पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी निवासी गुलशन प्रधान (26) की मौत हो गई। वे गुरुग्राम की एमरप्राइज फाइनेंशियल कंपनी में सीनियर एसोसिएट थे। जबकि, कार चालक भी घायल हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
सीओ जितेंद्र शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह जिला मुरादाबाद के बिलारी क्षेत्र के गांव मोहम्मद इब्राहिमपुर निवासी गुलाब रब्बानी अपनी कार से गुरुग्राम जाने के लिए निकला था। रास्ते में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी निवासी गुलशन प्रधान ने ब्ला ब्ला एप के माध्यम से कार शेयर की थी। कार चालक गुलाब रब्बानी की थी और दोनों मुरादाबाद जा रहे थे।
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के हाईवे 9 स्थित गांव रसूलपुर के पास पहुंचने पर अचानक आगे चल रहे ट्रक के चालक ने ब्रेक लगा दिए। जिससे चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित कार पीछे से ट्रक में घुस गई। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों से मिली सूचना के बाद पुलिस ने घायलों को क्षतिग्रस्त कार से निकालकर अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने गुलशन प्रधान को मृत घोषित कर दिया। जबकि गुलाब रब्बानी की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उसे हापुड़ के बाद मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर मृतक के परिजन भी थाने पहुंच गए। सीओ ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।