हापुड़। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ एयर स्ट्राइक के बाद बढ़ते तनाव को देखते हुए लोगों ने वैष्णो देवी और कश्मीर जाने की बुकिंग कैंसिल करानी शुरू कर दी है।
पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद से ही लोगों ने कश्मीर, श्रीनगर, वैष्णो देवी सहित अन्य स्थलों पर जाने की योजना कैंसिल करनी शुरू कर दी थी। अब ऑपरेशन सिंदूर के बाद तनाव और बढ़ गया है और युद्ध जैसी स्थित बन रही है। जिससे वैष्णो देवी, अमरनाथ यात्रा के साथ ही पर्यटन स्थलों पर जाने वाले लोगों ने अपनी बुकिंग कैंसिल करा दी है।
प्रीत विहार कालोनी के फेस टू निवासी सुमित चौधरी ने बताया कि नौ मई को कालोनी से करीब 20 लोग वैष्णो देवी दर्शन करने जाने वाले थे। लेकिन बढ़ते तनाव को देखते हुए लोगों ने बुकिंग कैंसिल कर दी है।
ट्रेवल एजेंसी संचालक तुषार जैन ने बताया कि मई माह के प्रथम सप्ताह में ही अमरनाथ जाने वाले तीन गुप्र, वैष्णो देवी जाने वाले करीब 50 श्रद्धालु और कश्मीर जाने वाले करीब पांच दंपती ने अपनी बुकिंग निरस्त करा दी है। इनमें से अधिकांश हवाई टिकट से यात्रा करने वाले लोग शामिल है। त्यागी टूर एंड ट्रेवल के संचालक तुषार त्यागी का कहना है कि भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसी स्थिति बनने पर कश्मीर, गुलमर्ग, श्रीनगर जाने वाले करीब 20 लोगों ने बुकिंग कैंसिल करा दी है। इससे कारोबार पर भी प्रभाव पड़ रहा है।