बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव डहरा निवासी रामलखन (25 वर्ष) का शव मंगलवार की सुबह उनके ही मकान में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। रामलखन के माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है।
वहीं, उनके दोनों भाई अपने परिवार को साथ लेकर गाजियाबाद रहते हैं। जिस कारण रामलखन काफी समय से गांव में स्थित अपने मकान में अकेले रह रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि वह दो-तीन दिन से घर के बाहर नहीं आए, तो उन्हें कुछ संदेह हुआ।
वहीं, मकान का मुख्य गेट भी अंदर से बंद था। जिस कारण ग्रामीणों ने सोमवार की सुबह पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां ग्रामीणों के सामने किसी तरह गेट खोला गया। तो युवक का शव कमरे के बाहर पड़ा मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इसके अलावा फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि मृतक के भाइयों को सूचना दे दी गई है। मामला संदिग्ध है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जिसकी रिपोर्ट से मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।