ब्रजघाट। रविवार को गंगानगरी में स्नान करने आए युवकों ने शराब के नशे में हंगामा करने के विरोध पर नाविक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। वहीं, सूचना पर युवक को बचाने के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी युवकों और उनके साथ मौजूद महिलाओं ने अभद्रता और हाथापाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, पुलिस ने हंगामा कर रहे युवकों को हिरासत में लिया है।
ब्रजघाट निवासी नाविक गोपाल ने तहरीर दी है। उनका कहना है कि वह और उनका बेटा आयुष गंगानगरी में नाविक का काम करते हैं। आरोप है कि रविवार की शाम वह दोनों गंगा के तट पर अपनी नाव में बैठे हुए सवारियों का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कौशांबी निवासी आकाश, तिलकराज, रिंकू, सुमित, विवेक निवासी गांव किनानगर मेरठ और उनके परिजन पास ही में गंगा में स्नान कर रहे थे।आरोप है कि कुछ युवकों ने शराब का सेवन किया हुआ था। जो हुडदंग करते हुए उनकी नाव पर चढ़कर गंगा में छलांग लगा रहे थे। ऐसे में हादसा होने की संभावना बन गई। उन्होंने युवकों को नाव पर चढ़ने से मना किया, तो वह गुस्सा हो गए।
पीड़ित ने बताया कि गुस्साए युवकों ने अभद्रता और गाली-गलौज करते हुए पिटाई करना शुरू कर दिया। किसी तरह उनका बेटा आरोपियों के चंगुल से छूट कर वह उनसे बचने के लिए दौड़ कर नाव की छत पर चढ़ गया। लेकिन, आरोपी भी पीछे-पीछे वहां पहुंच गए। नाव की छत पर चढ़कर युवकों ने हमला कर उसे घायल कर दिया।
युवकों और महिलाओं ने की हाथापाई
सूचना के बाद ब्रजघाट चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने नाविक को बचाने का प्रयास किया। इस पर हंगामा कर रहे युवक और उनके साथ आई महिलाएं और अधिक आक्रामक हो गए। जिन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता करते हुए हाथापाई की। घटना के दौरान तट पर मौजूद लोगों ने इसके वीडियो अपने मोबाइल फोन में बना लिए। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में ले लिया। वहीं, अन्य लोग फरार होने में कामयाब हो गए।
दो युवकों के मोबाइल फोन तोड़े
गढ़ के मीरा रेती निवासी जितेंद्र केवट ने बताया कि वह आपदा प्रबंधन के तहत गंगा तट पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान हंगामा होने पर उन्होंने अपने मोबाइल से वीडियो बनायाॉ, लेकिन महिलाओं व युवकों ने मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया। वहीं, बरेली निवासी उदयवीर ने भी तहरीर दी है। उनका कहना है कि वह परिजनों के साथ गंगा स्नान करने आए थे। हंगामे के दौरान वीडियो बनाने पर आरोपियों ने उनका भी मोबाइल छीन कर फेंक दिया।
कोट -
पीड़ित नाविक को मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। हंगामा कर रहे चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।- स्तुति सिंह, सीओ