क्षेत्र के कोटला मेवातियान मोहल्ला के सरकारी टंकियों से दूषित व खून जैसा लाल बदबूदार पानी सप्लाई होने से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों की ओर से कई बार शिकायत देने के बाद भी नगर पालिका के अधिकारी अंजान बने हुए हैं।
सीएमओ का कहना है कि दूषित पानी पीने से लीवर, पेट संबधी गंभीर बीमारी हो सकती है। दरअसल, काफी समय से कोटला मेवातियान मोहल्ला में सरकारी पानी की टंकियों से दूषित व खून जैसी लाल बदबूदार पानी सप्लाई हो रहा है।
बुधवार सुबह लोगों ने बाल्टी में पानी भरना शुरू किया तो सन्न रह गए। मोहल्ला निवासी अलीशेर ने बताया कि पानी पीने के लिए उसने टंकी खोली तो लाल व बदबूदार पानी निकलने लगा। आरोप है कि पूर्व में भी कई बार बदबूदार पानी की शिकायत की जा चुकी है।
लेकिन नगर पालिका के अधिकारी ध्यान नहीं देते हैं, जिससे लोगों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मोहल्ला निवासी सलीम और आबिद ने बताया कि नलों से दूषित पानी आने पर मोहल्ले में लगे सरकारी हैंडपंप से पानी भरा जाता है।
मामले की नगर पालिका में लिखित शिकायत की जा चुकी है। पालिका अध्यक्ष मालती भारती का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। बृहस्पतिवार को टीम भेजकर पानी की जांच कराई जाएगी। अंदेशा है कि किसी स्थान पर पाइप लीक हो गया है। इसकी वजह से बदबूदार पानी निकल रहा।
आसपास के इलाके में पशुओं का अवैध कटान होने का संदेह है। इसके चलते खून नालियों में बहा दिया जाता है, जो टूटी पेयजल की लाइन के रास्ते नलों में पहुंच रहा है। ऐसा हो रहा है तो यह काफी गंभीर मामला है।
क्योंकि घरों या अवैध पशु वधशाला में पशुओं के कटान पर रोक लगा रखी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एके सिंह का कहना है कि लोगों को दूषित पानी पीने से बचना चाहिए। साथ ही पानी को उबालकर पीने से बीमारियों से बचा जा सकता है।