भाकियू कार्यकर्ताओं ने बदनौली गांव में फुंके ट्रांसफार्मर को बदलने के नाम पर एक अवर अभियंता पर सुविधा मांग ने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने विरोध में किसानों के साथ अधिशासी अभियंता का घेराव किया। किसान जेई को निलंबित करने की मांग पर अड़ गए।
बदनौली गांव निवासी किसान सुमन पाल ने बताया कि उसके नलकूप पर लगा 100केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। बिल जमा होने के बावजूद ट्रांसफार्मर की बदली के लिए मोदीनगर रोड स्थित एक बिजलीघर पर तैनात जेई से मन्नतें लगानी पड़ रही हैं।
आरोप है कि जेई ट्रांसफार्मर बदलने के नाम पर 10 हजार रुपये मांग रहा था। शुक्रवार को भाकियू जिला उपाध्यक्ष चौधरी यशवीर सिंह और नितिन बाना के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता व किसान अतरपुरा चौपला स्थित अधिशासी अभियंता के कार्यालय पहुंचे।
जिला उपाध्यक्ष चौधरी ने कहा कि जेई किसानों का शोषण कर रहा है। उन्होंने निगम अफसरों से जल्द जेई को निलंबित करने, किसान की पानी के अभाव में बर्बाद हुई फसल का मुआवजा देने की मांग की।
नितिन बाना ने कहा कि किसान गन्ना का भुगतान न मिलने से पहले ही परेशान है, ऐसे में विद्युत निगम के अफसर उनका शोषण कर रहे हैं। प्रदर्शन में कमल सिंह, मुनेशपाल, त्रिलोक चंद, कालीचरन शर्मा, बब्बल कुमार, कालूराम, महेश, रामपाल सिंह मौजूद रहे।
मामला मेरी जानकारी में आ गया है। अवर अभियंता को ट्रांसफार्मर लगवाने के निर्देश दिए गए हैं। - चंदन प्रकाश, अधिशासी अभियंता