मशीन में चिप लगाकर तेल चोरी करने वालों की धरपकड़ के लिए हो रही छापामारी चल रही है। इसमें मापतौल विभाग ने भाजपा के पूर्व विधायक कृष्णवीर सिरोही के पेट्रोल पंप पर हो रही घटतौली का भंडाफोड़ किया है। जिसके चलते पंप की एक मशीन को सील कर दिया गया है।
मशीनों में चिप लगाकर डीजल-पेट्रोल की चोरी करने के मामले का कई शहरों में खुलासा हुआ है। ऐसे में तहसील प्रशासन के साथ ही मापतौल विभाग भी सक्रिय हो गया है। जिला मापतौल अधिकारी दीप्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में
विशेषज्ञों की टीम और बीपीसीएल ऑयल कंपनी के सेल्स ऑफिसर पीयूष राज ने सोमवार शाम सिंभावली में दो फिलिंग स्टेशनों पर छापामारी की। टेक्निकल टीम ने बारीकी से मशीनों की जांच कराने के साथ ही डीजल-पेट्रोल लेकर उसकी माप कराई।
बीजेपी के गढ़ विधानसभा के पूर्व विधायक कृष्णवीर सिरोही के पेट्रोल पंप पर घटतौली होने का पर्दापाश हो गया। जिला मापतौल अधिकारी ने बताया कि पांच लीटर में 90 से लेकर 140 एमएल की घटतौली पकड़ में आई है।
इसके मद्देनजर संबंधित मशीन को सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि घटतौली के पीछे कोई टेक्निकल वजह है या जानबूझकर ग्राहकों को चूना लगाया जा रहा था, इसकी हकीकत का पता लगाने के लिए संबंधित मशीन को सील कराकर जांच के लिए प्रयोगाशाला में भिजवाया गया है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कृष्णवीर सिरोही के पंप पर अनियमितता नहीं हो सकती। जांच में घटतौली मिली है तो मशीन की गड़बड़ी रही होगी। मशीन की जांच रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी। बीजेपी का प्रत्येक पदाधिकारी अभियान में सहयोगी है। - कमल सिंह मलिक, विधायक