कुचेसर चौपला। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत कुचेसर रोड चौपला स्थित फाटक संख्या-62सी पर फोटो व वीडियोग्राफी का विरोध करने पर गुस्साए बाइक सवार तीन युवकों ने गेटमैन पर पथराव कर दिया। इसमें वह बाल-बाल बच गया। इस दौरान गेटमैन ने एक युवक को दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया।
दिल्ली नजफगढ़ निवासी विपिन शर्मा कुचेसर रोड चौपला स्थित रेलवे फाटक संख्या-62सी पर गेटमैन है। शनिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे उसने ट्रेन आने से पहले फाटक बंद कर दिया। इस दौरान बाइक सवार तीन युवक यहां पहुंचे और वीडियोग्राफी व फोटो खींंचने लगे। विरोध करने पर तीनों युवकों ने उस पर पथराव कर दिया। इस दौरान गेटमैन बाल-बाल बच गया। इसके बाद युवक बाइक पर सवार होकर यहां से भागने का प्रयास करने लगे। गेटमैन ने साहस करके एक युवक को दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। गेटमैन ने अपने उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।