हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के एनएच-334 स्थित गांव सादिकपुर के पास सड़क पार कर रहे युवक में बाइक ने टक्कर मार दी। इसमें युवक व बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना देहात क्षेत्र के गांव सलाई निवासी इंतजार शनिवार की रात करीब आठ बजे गांव सादिकपुर के पास सड़क पार कर रहा था। इसी बीच हापुड़ की तरफ से गुलावठी की तरफ जार रही एक बाइक ने उसमें टक्कर मार दी। इसमें इंतजार व बाइक सवार सुमित निवासी गांव अकबरपुर जिला बुलंदशहर गंभीर रुप से घायल हो गया। सुमित पिलखुवा स्थित मदर डेयरी में काम करके शनिवार की रात बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस टीम क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि हादसे के संबंध में पुलिस को अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।