सिंभावली। दिल्ली-मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर सोमवार सुबह ओवरटेक करने के दौरान बाइक कार से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार सोमवार सात सितंबर को करीब 10 बजे सलमान और उनका साथी मुकुल निवासी बुध नगर कॉलोनी, थाना लोनी, जनपद गाजियाबाद, बाइक से दिल्ली से मुरादाबाद की ओर जा रहे थे। एनएच-09 पर गांव खुडलिया में लक्की ढाबे के पास बाइक सवार एक कार को दाईं ओर से ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान बाइक कार से टकरा गई और दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सिखेड़ा भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को सड़क से हटवाकर किनारे कराया। इसके बाद यातायात सामान्य रूप से चलता रहा।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि हादसे में दो युवक घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।