हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव मुक्तेश्वरा के जंगल में स्कूटी सवार दो बदमाशों ने एक युवक से बाइक, मोबाइल फोन व नकदी लूट ली। विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला मेरठ के थाना परीक्षितगढ़ के गांव सोना निवासी सोनू ने बताया कि वह बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव उपैड़ा के निकट स्थित एलाइंस कंपनी में बायलर ॉपरेटर है। बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे वह बाइक पर सवार होकर कंपनी से घर लौट रहा था। गांव मुक्तेश्वरा के जंगल में स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने तमंचे की बट से उसके सिर पर वार किया और उसके साथ लूटपाट की। सूचना के बाद थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक हेम सिंह सैनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना स्थल की छानबीन कर पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बदमाशों को तलाश किया जा रहा है।