गढ़मुक्तेश्वर। रिफाइंड से भरे ट्रक लूट में शामिल बदमाशों की तलाश में बुधवार को बिहार पुलिस ने गढ़ और सिंभावली क्षेत्र में कई घंटों तक विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। जांच के बाद टीम लौट गई।
बिहार के जिला दरभंगा के थाना महबी की पुलिस टीम में शामिल एसआई सुनील कुमार ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड पर नवंबर 2021 में पांच बदमाशों ने रिफाइंड तेल से भरे ट्रक को ओवरटेक कर रोक लिया था। बदमाशों ने चालक को बंधक बनाकर ट्रक लूट लिया था। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने लूट के साजिश कर्ता सुशील कंवर निवासी बिहार को लूट के माल के साथ गिरफ्तार भी कर लिया। लेकिन गढ़, सिंभावली और हापुड़ देहात क्षेत्र निवासी उसके चार साथी अभी तक फरार चल रहे हैं। जिनकी तलाश के लिए लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पहले भी इन गांवों में दबिश दी गई है। एसआई सुनील कुमार ने बताया कि यदि जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, तो न्यायालय के माध्यम से उनकी संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।