गढ़मुक्तेश्वर। सोमवार को बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव डहरा कुटी पर भाकियू (टिकैत) की मासिक पंचायत हुई। इसमें मुख्य रूप से बकाया गन्ना भुगतान के लिए चर्चा की गई।
पंचायत की अध्यक्षता करते हुए शेर सिंह ने कहा कि तहसील, ब्लॉक और थानों में किसानों और फरियादियों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। मंडल अध्यक्ष जीते चौहान ने कहा कि बकाया गन्ना भुगतान किसानों के लिए बड़ी समस्या है। अभी तक उन्हें जनवरी माह का भी भुगतान नहीं दिया गया है। जल्द भुगतान न होने पर मिल परिसर में आंदोलन होगा। वहीं, मनोज प्रधान ने कहा कि निराश्रित पशुओं के कारण सड़कों पर हादसे बढ़ रहे हैं। यह पशु फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो तहसील के हर एक गांव से किसान निराश्रित पशुओं को ब्लॉक में बांधने का काम करेंगे। अनुज यादव ने कहा कि स्मार्ट मीटर किसानों के लिए आने वाली बड़ी समस्या है। किसान इसका विरोध करते हैं। अगर जबरन स्मार्ट मीटर लगाए गए, तो किसान मजबूर होकर कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान संसार सिंह, सुनील चौहान, मनोज तोमर, दिले सिंह, मयंक चौहान, चांद मोहम्मद, नितिन चौहान, चंद्रपाल सिंह, डॉ. नेमपाल सिंह आदि मौजूद रहे।