गढ़मुक्तेश्वर। नगर में स्याना रोड पर स्थित कैंप कार्यालय पर मंगलवार को भाकियू (टिकैत) की बैठक हुई। जिसमें बुधवार (आज) से धौलाना तहसील मुख्यालय पर होने वाले अनिश्चितकालीन आंदोलन को लेकर चर्चा हुई। वहीं कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल पर कैंप कार्यालय को लेकर भी वार्ता की गई।
संगठन के जिलाध्यक्ष दिनेश खेड़ा ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल पर हर साल की तरह कैंप कार्यालय खोला जाएगा। जिसमें 13 नवंबर को संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि धौलाना क्षेत्र में किसानों की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। धौलाना ब्लॉक अध्यक्ष उमेश राणा ने कहा कि चकमार्ग पर कुछ लोग कब्जा कर रहे हैं, वहीं किसानों के मकान के लिए अधिक दूरी बताकर ऊर्जा निगम के अधिकारी कनेक्शन देने से मना कर रहे हैं, वहीं होटल के लिए कनेक्शन दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं को लेकर आज से कार्यकर्ता धौलाना तहसील मुख्यालय का घेराव कर अनिश्चितकालीन आंदोलन करेंगे।
इस दौरान हाजी नासिर अली, कुंवर खुशनूद, महिपाल गुजराल, नीलम त्यागी, सरिता देवी, शोभा देवी, राजबीरी देवी, अमजद खान, मजीद चौधरी, शेखर चौधरी, रविंद्र कुमार मौजूद रहे।