हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण के इंजीनियरों की लापरवाही और ठेकेदार से मिलीभगत का परिणाम है कि दोयमी फ्लाईओवर से जरोठी रोड तक 40 लाख रुपये से बनी सड़क 6 माह बाद ही गड्ढों में तब्दील हो गई है।
गढ़ रोड का रेलवे फाटक बंद होने के कारण इसका निर्माण मिनी बाईपास के रूप में किया गया था। अब इस सड़क की मरम्मत कराए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन इससे पहले इसमें हुए घपले की जांच होगी।
नगर में हापुड़-बुलंदशहर रेलवे लाइन के गढ़ रोड फाटक पर फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते गढ़ रोड फाटक वर्षों पहले बंद कर दिया गया था। ऐसे में हजारों लोग परेशान हो उठे तथा व्यापारियों ने काफी हंगामा किया था।
तब जिलाधिकारी ने पक्का बाद से स्वर्ग आश्रम रोड, दोयमी फ्लाईओवर के पास से जरोठी रोड होते हुए गढ़ रोड तक तथा एलएन पब्लिक स्कूल के सामने से, मानव रहित फाटक, फूलगढ़ी और मीनाक्षी रोड होकर शहर में आने का वैकल्पिक मार्ग घोषित किया गया।
एलएन पब्लिक स्कूल वाले मार्ग पर नगर पालिका परिषद ने मिट्टी डलवाकर खड़ंजा लगवाया था। दोयमी फ्लाईओवर से जरोठी मार्ग जर्जर हालत में था। डीएम के निर्देश पर एचपीडीए के तत्कालीन वीसी आर के सिंह ने उक्त मार्ग को तारकोल से बनवाने की स्वीकृति दी थी।
1200 मीटर की इस सड़क का एस्टीमेट करीब 40 लाख रुपये बना था। आनन फानन में जून 2016 में यह सड़क बनकर तैयार हो गई तथा वाहनों के आवागमन के लिए खोल दी गई। सड़क बनते ही वहां से वाहनों का आवागमन काफी बढ़ गया है।
कुछ दिन बाद ही यह सड़क उखड़ने लगी। अब तो कई स्थानों पर काफी काफी दूर तक आधी सड़क ही गायब हो गई है। वीसी ने सड़क उखड़ने की जांच के आदेश दिए हैं। प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता एसके नागर का कहना है कि वैसे तो यह सड़क लोक निर्माण विभाग की है,
लेकिन जिलाधिकारी के निर्देश पर इस सड़क को प्राधिकरण ने बनाया था। सड़क टूटने का कारण, बजट कम होने के कारण सड़क की थिकनेस कम रहना बताया है। अब इसकी मरम्मत कराई जाएगी।
इस संबंध में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आर.के.सिंह (आईएएस) से बातचीत किये जाने पर उन्होंने कहा कि वह इस सड़क का निरीक्षण कर जांच के आदेश देंगे।
अगर निर्माण में कोई लापरवाही या घपला सामने आया तो दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही होगी। आम नागरिकों को जो परेशानी हो रही है, उसे जल्द हल किया जायेगा।