बैंक अफसरों की अनदेखी से शहर में एटीएम सुविधा मुसीबत बन गई है। दशहरे के कारण बैंक बंद हैं और अधिकांश एटीएम में कैश खत्म हो चुका है। ऐसे में ग्राहक जेब में एटीएम कार्ड लेकर भटक रहे हैं। शिकायतों के बावजूद बैंक अफसर मूकदर्शक बने बैठे हैं।
शनिवार, रविवार, रामनवमी, दशहरा और मोहर्रम के चलते बैंकों में पांच दिन का अवकाश है। ऐसे में ग्राहकों के पास एटीएम ही एक मात्र विकल्प है। लेकिन बैंक अफसरों की अनदेखी से यह एटीएम सुविधा दूसरे दिन ही लगभग ध्वस्त हो चुकी है।
ग्राहक हरीश कुमार का कहना है कि उन्हें पैसों की बेहद आवश्यकता है। बैंकों में छुट्टी होने के कारण एटीएम ही विकल्प बचे हैं। एटीएम में कैश खत्म हो चुका है। इससे बेहद परेशानी हो रही है।
ग्राहक डॉ. पूनम ग्रोवर का कहना है कि बैंक अफसरों की अनदेखी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें भी पैसों की जरूरत है, एटीएम खाली मिलने से परेशान हो गई हैं।
ग्राहक सलोनी का कहना है कि बैंकों में पांच दिन की छुट्टी के कारण एटीएम में रुपये की व्यवस्था की जानी चाहिए थी। लेकिन बैंक अफसरों की लापरवाही से उन्हें बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला अग्रणी बैंक के प्रबंधक एपी चतुर्वेदी का कहना है कि रविवार होने के कारण यह परेशानी हुई है। हालांकि कुछ एटीएम में रुपये डलवाया गया था। आगे से ग्राहकों की परेशानी का ध्यान रखा जाएगा।