संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़।
पिलखुवा के मीरपुर के रहने वाले एक व्यक्ति ने पाली हाऊस के नाम पर सब्सिडी में मिले 20 लाख रुपये बंदर बांट करने का आरोप लगा, सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के तत्कालीन मैनेजर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है।
पीड़ित रामअवतार ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि बैंक के तत्कालीन मैनेजर ने सब्सिडी की धनराशि में से करीब 20 लाख रुपये अपने रिश्तेदार धर्मेंद्र, कुवंरपाल, शिल्पा, मंजू, अंजना व अन्य अज्ञात बैंक कर्मचारियों के साथ मिलकर हड़प लिया। मामले में पीड़ित ने तत्कालीन बैंक मैनेजर से शिकायत की थी। जिस पर आरोपी ने गाली गलौज कर पीड़ित को हत्या की धमकी देकर भगा दिया था। चौकी से लेकर थाने तक शिकायत करने के बाद भी पीड़ित की शिकायत दर्ज नहीं हुई। मामले में पीड़ित ने एसपी से शिकायत की।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि बैंक के तत्कालीन मैनेजर समेत सात नामजद व कुछ अज्ञात बैंक कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई कराई जाएगी।