बैंक की लाइन में लगा युवक हुआ बेहोश
- फोटो : अमर उजाला
बनखंडा स्थित सिंडीकेट बैंक की शाखा के बाहर लाइन में लगा एक युवक बेहोश होकर गिर गया। गिरने के दौरान सिर में चोट लगने से वह घायल हो गया। परिजनों ने समाजवादी एंबुलेंस से युवक को अस्पताल में भर्ती कराया।
गांव बनखंडा निवासी सोनू त्यागी पुत्र कांति प्रसाद मंगलवार को गांव स्थित सिंडीकेट बैंक की शाखा में कैश लेने के लिए लाइन में लगा था। काफी देर तक नंबर न आने के कारण वह बेहाश होकर गिर पड़ा। सिर में चोट लगने से उसके कान से खून आने लगा।
लोगों ने मामले की जानकारी उसके परिजनों को दी। परिजनों ने समाजवादी एंबुलेस से सोनू को गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बैंक मैनेजर संतोष कुमार ने बताया कि कैश लेने के लिए लोग लाइन में लगे हुए थे, इस दौरान यह हादसा हुआ।
कैश को लेकर अब लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। मंगलवार को बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव शाहपुर जट्ट में यूनियन बैंक की शाखा और सिकंदरपुर काकौड़ी स्थित इंडियन बैंक के बाहर लोगों में जमकर मारपीट हुई।
इंडियन बैंक के बाहर लगे गांव के ही मंगल सिंह ने आरोप लगाया है कि बैंक की शाखा के भवन मालिक ने उसके साथ मारपीट की। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। इसके अलावा श्यामपुर जट्ट में लाइन में लगे कुछ लोग आपस में भिड़ गए, दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। ग्रामीणों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया।