हापुड़। बीएएमएस चिकित्सक ने गर्भवती का ऑपरेशन कर दिया, इससे नवजात की मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने हंगामा कर दिया। सीएमओ की जांच में क्लीनिक फर्जी पाया गया। क्लीनिक के अंदर चल रहे मेडिकल स्टोर का भी लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद क्लीनिक को सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने मामले में थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई है।
बुलंदशहर रोड स्थित महेशपुरी निवासी राजू सैनी की पत्नी जूली को प्रसव पीड़ा होने पर मोदीनगर रोड स्थित मेरठ नर्सिंग होम में सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे भर्ती कराया गया था। आरोप है कि क्लीनिक के अंदर ही खुले मेडिकल स्टोर से दवाएं देकर शाम तक सामान्य प्रसव का आश्वासन दिया। बच्चे की धड़कन भी सामान्य बताई गई थी।
अचानक शाम को स्टाफ ने बताया कि ऑपरेशन करना पड़ेगा। चिकित्सक नहीं हैं इसलिए मेरठ से बुलाने पड़ेंगे। इसके लिए 25 हजार रुपये भी ले लिए। आरोप है कि रात में करीब तीन बजे पहले से ही मौजूद चिकित्सक जाहिद ने ऑपरेशन कर दिया। बाहर आकर बताया कि बच्चा मृत पैदा हुआ है। इसके बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद क्लीनिक संचालक भाग गए।
सोमवार को सीएमओ डॉ. सुनील त्यागी क्लीनिक पर पहुंचे। रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि क्लीनिक का पंजीकरण ही नहीं है। जिस चिकित्सक ने ऑपरेशन किया, उसके पास बीएएमएस की डिग्री है। क्लीनिक में चल रहे मेडिकल स्टोर का भी कोई लाइसेंस नहीं मिला। प्रसूता महिला को सीएचसी रेफर किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दो स्थानों पर पहले भी चलाया था क्लीनिक
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस क्लीनिक को चलाने वाले पहले भी फर्जी तरीके से क्लीनिक खोल चुके हैं। इससे पहले बदनौली में इनका क्लीनिक चल रहा था। वहां कार्रवाई के बाद बाद हापुड़ सीएचसी के नजदीक क्लीनिक खोल दिया। पंजीकरण न होने पर जब इसे भी बंद कराया गया तो मोदीनगर रोड पर खोल दिया।
अधिकारियों की नाक के नीचे चला रहे थे क्लीनिक
सीएमओ कार्यालय और जिला अस्पताल मोदीनगर रोड पर ही हैं। हर रोज अधिकारियों का इस क्लीनिक के सामने से ही आना जाना रहा होगा। इसके बावजूद बेधड़क क्लीनिक चलता रहा। नवजात की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया तब स्वास्थ्य विभाग की नींद खुली।
कोट
मोदीनगर रोड पर मेरठ नर्सिंग होम के नाम से चल रहे क्लीनिक को सील कर दिया गया है। जिस चिकित्सक पर ऑपरेशन का आरोप है, वह बीएएमएस है। इस मामले में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। -डॉ.सुनील त्यागी, सीएमओ।