हापुड़। ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को अवध असम एक्सप्रेस पांच घंटे देरी से आई। इसके साथ ही नौचंदी, सिद्धबली जनशताब्दी, कुंभ स्पेशल सहित अन्य ट्रेनें घंटों की देरी से स्टेशन पहुंची।
लालगढ़ से डिब्रूगढ़ जा रही अवध असम एक्सप्रेस पांच घंटे, बरेली से नई दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस तीन घंटे 20 मिनट, प्रयागराज से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटे 30 मिनट, दिल्ली जंक्शन से कोटद्वार जा रही सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस तीन घंटे 35 मिनट, फाफामऊ जंक्शन से दिल्ली जंक्शन जाने वाली कुंभ स्पेशल ट्रेन दो घंटे 20 मिनट देरी से स्टेशन आई। वहीं कोटद्वार से दिल्ली जंक्शन जा रही सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस तीन घंटे, बरेली से चलकर भुज को जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस एक घंटा, जैसलमेर से काठगोदाम जा रही रानीखेत एक्सप्रेस आधा घंटा, आनंद विहार से रक्सौल जंक्शन जाने वाली सद्भावना एक्सप्रेस आधा घंटे देरी से रेलवे स्टेशन आई। स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह का कहना है कि रेलवे लाइनों पर चल रहे मरम्मत कार्य के चलते ब्लॉक लिया जा रहा है। जिसके कारण कुछ ट्रेनों का संचालन देरी से हो रहा है।