शहर के मॉडल रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। प्लेटफार्मों पर आटोमैटिक वेडिंग मशीनें लग गई हैं। इनके चालू होते ही यात्री मशीन में दो रुपये का सिक्का डालकर एक लीटर पानी ले सकेंगे।
प्रथम चरण में चार मशीनें लगाई गई हैं, शेष 20 मशीनें भी जल्द लगाई जाएंगी। मॉडल रेलवे स्टेशन का दर्जा प्राप्त इस स्टेशन पर अभी तक यात्रियों को पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ता था।
पानी के चक्कर में अक्सर यात्रियों की ट्रेन छूट जाती थी। इससे खासी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए रेलवे अफसरों ने कुछ समय पहले स्टेशन पर ऑटोमैटिक वेडिंग मशीन लगाने का निर्णय लिया था।
इसके तहत अब प्लेटफार्मों पर वेडिंग मशीन लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। स्टेशन पर 24 मशीनें लगनी हैं। फिलहाल चार मशीनों को प्लेटफार्म नंबर दो, तीन, चार व पांच पर लगाया जा चुका है।
प्लेटफार्म नंबर एक को इन दिनों पक्का करने का काम किया जा रहा है। इसलिए यहां मशीन अभी तक नहीं लगी है। स्टेशन अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही प्लेटफार्म नंबर एक पर भी दो मशीनें लग जाएंगी।
बाकी 18 मशीनों को स्टेशन परिसर में ही लगाने का निर्णय लिया गया है। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत हो जाएगी।