गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मुख्य चौराहे आंबेडकर चौपला को जल्द ही नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा। नगर पालिका स्तर से चौपला के सौंदर्यीकरण के लिए विभिन्न कार्य कराए जाने की तैयारी है। यहां फूड कोर्ट के साथ आकर्षक मॉडल लाइटें भी लगेंगी।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी ने बताया कि आंबेडकर चौपला पर फूड कोर्ट विकसित किया जाएगा। इसके अलावा चौपला और आसपास के क्षेत्र में आकर्षक मॉडल लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रात के समय भी क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी। चौपला के आसपास आरसीसी सड़क का निर्माण भी कराया गया है। ईओ ने बताया कि सौंदर्यीकरण के दौरान यह भी ध्यान रखा जाएगा कि चौपला पर दोबारा अतिक्रमण न हो। इसके लिए दुकानदारों और ठेले आदि लगाने वालों के लिए स्थान चिह्नित किए जाएंगे, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
अधिशासी अधिकारी ने कहा कि पर्यटन विभाग की तरफ से फूड कोर्ट लगाए जाएंगे। उनके लिए पालिका में आवेदन करें, जिससे समय रहते फूड कोर्ट किराए पर दिए जा सकें। संवाद