हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला चैनापुरी निवासी आरिफ ने मोहल्ले के ही कुछ लोगों पर मोहल्ले में डेयरी खोलने की शिकायत करने पर घर में घुसकर अवैध हथियार व लाठी डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। डीएम के आदेश पर पुलिस ने तीन सगे भाइयों समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
आरिफ ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनके मोहल्ले में कई लोगों ने अवैध भैंसों की डेयरी खोल रखी हैं। इन लोगों के द्वारा भैंसों का गोबर नालियों व रास्ते में डाला जाता है। मोहल्ले में गंदगी के कारण बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है और रास्ते से गुजरने वाले लोगों को परेशानी होती है। उनके मकान के बराबर में सद्दाम, राजा व मोहसिन डेयरी खोल रहे हैं। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें गाली गलौज की थी। 30 जुलाई को उन्होंने डीएम व उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत की तो आरोपी उनसे रंजिश रखने लगे। दो अगस्त की सुबह करीब नौ बजे सद्दाम, राजा, मोहसिन, रिहान व दिलशाद अपने हाथों में अवैध हथियार व लाठी डंडे लेकर जबरन उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने उन पर व उनके पिता पर हमला कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह उन्हें आरोपियों से बचाया। इसके बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर यहां से चले गए। उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई की बजाए उल्टा उन्हें व उनके पिता पर ही शांतिभंग की कार्रवाई की। इस मामले में उन्होंने डीएम से शिकायत की थी।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि डीएम के आदेश पर सद्दाम, राजा, मोहसिन, रिहान व दिलशाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।