पिलखुवा। हाईवे-9 किनारे स्थित रामा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सुरक्षा गार्डों पर प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ मारपीट करने के आरोप लगा है। पीड़ित ने थाने में नामजद तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
गाजियाबाद के मोहननगर निवासी उत्कर्ष कुमार रामा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में प्रशिक्षु चिकित्सक है। उत्कर्ष ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि 17 मई की रात वह बाहर से दूध लेकर अस्पताल जा रहा था। अस्पताल के मुख्य गेट के पास परिसर में सुरक्षा गार्ड शराब पी रहे थे। आरोप है कि विरोध करने पर सुरक्षा गार्डों ने प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी। जिसमें वह घायल हो गया। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि प्रशिक्षु चिकित्सक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस जांचोपरांत साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।