गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मोहल्ला अहाताबस्तीराम में बच्चों के विवाद के बाद पड़ोसी युवकों ने घर में घुसकर दिव्यांग पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रोहित ने कोतवाली में दी तहरीर पर में बताया कि वह दिव्यांग है। उसके बच्चों का पड़ोस में रहने वाले भगवत के बच्चों से विवाद हो गया था। इसे लेकर 17 फरवरी की शाम भगवत और उसका भाई अजय उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर में घुसते ही उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गया। शोर मचाने पर पड़ोस में रहने वाले लोगों को आता देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। उपचार कराने के बाद पीड़ित ने दोनों आरोपियों को नामजद कर कार्रवाई की मांग की है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, जानलेवा हमला और धमकी देने के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराते हुए आरोपियों की तलाश शुरू करा दी गई है।