बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर मतनौरा निवासी एवं भाकियू नेता नंदराम ने गांव के ही कुछ लोगों पर घर में घुसकर हुक्के की आग उनपर डालने का आरोप लगाया है। आरोपियों ने घर में खड़ी बाइक, वॉशिंग मशीन, पंखे आदि सामान में भी तोड़फोड़ की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन सगे भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नंदराम ने बताया कि वह भाकियू अराजनैतिक संगठन में पदाधिकारी हैं। 29 जून की रात लगभग पौने 11 बजे वह अपने मकान में सोए हुए थे और दरवाजा खुला हुआ था। आरोप है कि इसी बीच गांव के ही ओमवीर, अमन, प्रिंस व सोनू गाली गलौज कर उनके मकान में जबरन घुस आए थे। आंख खुलने पर उन्होंने गाली गलौज का विरोध किया था। इसपर आरोपियों ने हुक्के की आग उनके ऊपर डाल दी थी। इसमें वह बाल-बाल बचे थे। इसके बाद आरोपियों ने मकान में खड़ी बाइक, वॉशिंग मशीन, पंखे आदि सामान में तोड़फोड़ की थी। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर पर ओमवीर, अमन, प्रिंस व सोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।