गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव सरुरपुर निवासी महिला ने हत्या के मामले में फैसला न करने पर आरोपियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने न्यायालय में वाद दायर कर कार्रवाई करने की मांग की है।
गुलबहार ने बताया कि करीब 12 साल पहले उसके पति और बेटे की हत्या जनपद गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्र में कर दी गई थी। जिसे लेकर मामला न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। पति और बेटे की हत्या के बाद से वह अपने मायके गांव सरुरपुर में छोटे भाई के पास आकर रहने लगी थी। अब आरोपी उस पर लगातार मुकदमे में फैसले का दबाव बना रहे हैं। जिसे लेकर कई बार आरोपी उस पर हमला कर चुके हैं। इसको लेकर न्यायालय ने उसकी सुरक्षा का आदेश भी दिया था, लेकिन उसे सुरक्षा भी उपलब्ध नहीं कराई गई। छह जुलाई की सुबह को आरोपी उसके घर सरुरपुर आ गए, उसके साथ गाली गलौज कर फैसला करने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर एक आरोपी ने हत्या के इरादे से गोली चला दी, जिससे वह बाल-बाल बच गई। बीच-बचाव कराने के लिए पहुंचे उसके भाई को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा। इस संबंध में उसने कोतवाली, सीओ और एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। जिसके बाद उसने न्यायालय में वाद दायर किया। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि न्यायालय का आदेश मिलने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया जाएगा। जिसके बाद जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।