सिंभावली। क्षेत्र के गांव हरौड़ा में चार लोगों ने रंजिशन छुरे से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव हरौड़ा निवासी इसरार ने दी गई तहरीर में उल्लेख किया है कि उनके भतीजे अफजाल की खाला के बेटे शाहेआलम निवासी गांव कुशलिया थाना मसूरी जनपद गाजियाबाद ने अपनी बहन का निकाह करीब आठ माह पहले गांव निवासी फैजल के साथ किया था। निकाह से पहले अफजाल ने शाहेआलम व उसके परिजनों ने शादी करने से इन्कार कर दिया था। इसी बात को लेकर शाहेआलम और फैजल उससे रंजिश मानने लगे। बुधवार को शाहेआलम अपने बहनोई के घर आया हुआ था। जो अफजाल के घर के बाहर चाय की दुकान पर खड़े हुए थे। इसी दौरान अफजाल किसी काम से घर के बाहर आया, तो दोनों आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौज की। विरोध करते हुए उनका भतीजा घर के अंदर चला गया, तो आरोपी घर में घुस आए। जिन्होंने उसकी पिटाई की। वहीं, शाहेआलम ने छुरे से हमला कर उसे घायल कर दिया। शोर मचाने पर आस पास के लोगों को आता देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। उन्होंने भतीजे को सिखेड़ा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित ने दोनों आरोपियों को नामजद करते हुए उनके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना में शामिल मुख्य आरोपी शाहेआलम को सूचना के आधार पर बड्ढा नहर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त छुरा भी बरामद हुआ है। अन्य आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।