धौलाना। यूपीसिडको के चेयरमेन वाईपी सिंह ने धौलाना स्थित महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल में क्षेत्र के निजी विद्यालयों के प्रबंधकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में शिक्षण संस्थानों से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक दबाव, निरीक्षण संबंधी दिक्कतों और उत्पीड़न जैसी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। विद्यालय प्रबंधकों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्य अतिथि वाईपी सिंह ने कहा कि विद्यालय शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं, उनका सम्मान और संरक्षण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा अनावश्यक उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी मुद्दों को शासन स्तर पर गंभीरता से उठाया जाएगा। बैठक के बाद वाईपी सिंह कपूरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी ली। बैठक में ब्लॉक प्रमुख निशांत सिसोदिया, मंडल अध्यक्ष योगेश सिसोदिया, मिंटू चौहान, मनोज गौतम, सुरेंद्र सिंह मुन्ना, राकेश शर्मा, पीके सिसौदिया, प्रदीप राणा, कुलदीप राणा, धीरज राणा, विजय शर्मा, नरेश शर्मा समेत दर्जनभर से अधिक विद्यालय संचालक मौजूद रहे।