पेयजल पाइप लाइन लीक होने से गढ़ में मेला मार्ग पर भरा पानी। संवाद
गढ़मुक्तेश्वर। जल निगम (शहरी) की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार सुबह नगर के मुख्य मार्ग नक्का कुआं रोड पर पेयजल पाइपलाइन फटने से लाखों लीटर पानी सड़कों पर बह गया। दिन निकलते ही पूरी सड़क जलमग्न हो गई। इससे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शिकायतकर्ता सभासद विनय सागर ने बताया कि सुबह अचानक पाइपलाइन फट गई और तेज दबाव के साथ पानी बहने लगा। कुछ ही देर में सड़क पर पानी भर गया। जिससे आवागमन बाधित हो गया। लोगों को कीचड़ और जलभराव के बीच से गुजरना पड़ा। दुकानों के सामने पानी जमा होने से व्यापार भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निगम (शहरी) द्वारा नगर में पाइपलाइन डालने और मरम्मत कार्य के दौरान भारी लापरवाही बरती जा रही है।
कई स्थानों पर नगर पालिका की पुरानी पाइपलाइन के ज्वाइंट को नुकसान पहुंचा दिया गया है, जिससे जगह-जगह लीकेज की समस्या उत्पन्न हो रही है। नक्का कुआं रोड की घटना भी इसी लापरवाही का परिणाम बताई जा रही है। नगरवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। न तो समय पर मरम्मत की जा रही है और न ही जल संरक्षण को लेकर गंभीरता दिखाई जा रही है। गर्मी के मौसम में जहां एक ओर पानी की किल्लत रहती है, वहीं दूसरी ओर इस तरह लाखों लीटर पेयजल का बर्बाद होना गंभीर चिंता का विषय है। लोगों ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और पाइपलाइन व्यवस्था को दुरुस्त कर लीकेज पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
कोट
जल निगम ने कई स्थानों पर कनेक्शन जोड़ने के दौरान ज्वाइंट क्षतिग्रस्त कर दिए हैं, टीम को भेजकर इसे दुरुस्त कराया गया है। - पवित्रा त्रिपाठी, पालिका ईओ