हापुड़। मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल का बुधवार को हापुड़ आने पर जोरदार स्वागत हुआ। उन्होंने कहा कि हापुड़ के लिए नया हूं, लेकिन मेरठ के लिए नया नहीं हूं। मैं पैदा मेरठ में हुआ, पढ़ाई मेरठ से की है। अभिनय के साथ उन्होंने सेवाभाव सीखा है। उनके जीवन के 21 साल मेरठ में ही गुजरे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में प्रगति हुई है। तीन बार के सांसद राजेंद्र अग्रवाल के कार्यकाल में मेरठ लोकसभा क्षेत्र ने उन्नति की है। उन्होंने कहा कि यहां की समस्या धीरे-धीरे समझ में आएगी। धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के संबंध में उन्होंने कहा कि अगर धीरखेड़ा का प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था में बड़ा रोल है तो उसका विकास करना जरूरी हो जाएगा। अगर प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था अच्छी नहीं होगी तो सारे काम कैसे होंगे।
उन्होंने वर्ष 1987 में रामायण की थी, तब से लेकर अब तक उनके द्वारा संस्कृति, विचारों, रिश्तों की सेवा हुई है। जब हम अपनी संस्कृति से जुड़े होते हैं तो उसका मतलब है कि हम अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं।
अरुण गोविल ने कहा कि वह अपने क्षेत्र के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे। वह जो भी काम करते हैं सोच समझ कर करते हैं। अब जब उन्होंने यह काम हाथ में लिया है तो वह इसे उस तरह से करेंगे जिस तरह से किया जाना चाहिए । क्योंकि उन्हें अच्छा नहीं लगता कि कोई उनके नाम पर उंगली उठाए। इसके साथ ही उन्होंने सिख पंथ की सर्वोच्च संस्था शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री अमृतसर साहिब जी के प्रबंध अधीन गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार तहसील चौपला उत्तर प्रदेश सिख मिशन, चंडी मंदिर व कलक्टर गंज स्थित हनुमान मंदिर में में मत्था टेका।
महापुुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल बुधवार को मेरठ तिराहा पहुंचे। जहां बाबा साहब डॉ.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, अतरपुरा चौपला स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। उन्होंने चौधरी चरण सिंह के पैतृक गांव नूरपुर जाकर भी उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक विजयपाल आढ़ती, जिलाध्यक्ष नरेश तोमर, उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मनोज वाल्मीकि, प्रफुल्ल सारस्वत, पुनीत गोयल, मोहन सिंह, रेखा हूण, संजय कृपाल, मनोज कर्णवाल, कविता माधरे, अमित शर्मा, मनोज तोमर, आयुश जैन, सुयश वशिष्ठ मौजूद रहे।