संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित एक मोहल्ला निवासी कक्षा नौ की छात्रा ने पिता की डांट से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के इन्कार के बावजूद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह लगभग 11 बजे गढ़ रोड स्थित एक मोहल्ले में कक्षा नौ की छात्रा के द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि पिता ने छात्रा को मोबाइल चलाने के कारण डांट दिया था, जिससे क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर आत्महत्या करना प्रतीत हो रहा है। घटना के समय छात्रा के पिता घर पर नहीं थे। सीओ ने बताया कि पुलिस हर पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।