हापुड़। हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण 50 लाख रुपये से आनंद विहार में पथ प्रकाश की व्यवस्था को बेहतर करेगी। 260 एलईडी लाइटें लगवाई जाएंगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है।
वर्तमान में आनंद विहार में करीब एक हजार परिवार रहते हैं, लेकिन कई स्थानों पर पथ प्रकाश की व्यवस्था बेहतर नहीं है। लाइटें खराब होने के साथ ही इनके तार व पैनल भी जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस कारण रात्रि में लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। इसे देखकर अब प्राधिकरण 250 वाट वाली सोडियम लाइटों को हटवाकर इनकी जगह 120 वाट वाली एलईडी लाइटें लगवाएगी। इससे बिजली की खपत भी कम होगी।
प्रभारी सचिव अमित कादियान का कहना है कि आनंद विहार की रोड संख्या दो, छह, सात व आठ पर इन लाइटों को लगवाया जाएगा। एक पोल पर दो लाइटें रोशनी को बढ़ाने के लिए लगाई जाएंगी। पथ प्रकाश की व्यवस्था को बेहतर करने के लिए यह कदम उठाया जाएगा।