बहादुरगढ़। गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह गांव सदरपुर के पास अचानक नीलगाय को बचाने के चक्कर में कपड़ों से भरा कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कैंटर चालक और उसका साथी बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह को दिल्ली से जींस के कपड़े लादकर कैंटर संभल की ओर जा रहा था। कैंटर में चालक ताज निवासी सेदनंगली, अमरोहा और उसका साथी उमेश सैनी निवासी हयात नगर, संभल सवार थे। गांव सदरपुर के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने कैंटर को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कैंटर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सूचना मिलने पर संबंधित लोग मौके पर पहुंचे और कैंटर में सवार चालक व उसके साथी को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई। कैंटर पलटने से उसमें लदा कपड़ा सड़क पर फैल गया। बाद में वाहन को हटाया गया और यातायात सुचारु कराया गया।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे पर कैंटर पलट गया था, गनीमत रही कोई हादसे की चपेट में नहीं आया, कैंटर स्वामी बिना किसी कार्रवाई किए सामान लेकर लौट गए हैं।