अमृत भारत एक्सप्रेस सोमवार शाम हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन को हापुड़ रेलवे स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव दिया गया। 22 जनवरी से नियमित रूप से साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा, जिससे लखनऊ, वाराणसी जाने वाले यात्रियों को एक और ट्रेन की सुविधा का लाभ मिलेगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन यात्रियों को सफर सुरक्षित और आरामदायक बनाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रविवार शाम को पश्चिम बंगाल के संतरागाछी जंक्शन से अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन किया गया था, जो सोमवार को शाम 7:45 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंची। दो मिनट ठहराव के बाद ट्रेन गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो गई।
22 जनवरी से अमृत भारत एक्सप्रेस का साप्ताहिक संचालन शुरू होगा। प्रत्येक बृहस्पतिवार को हावड़ा से चलकर बृहस्पतिवार रात्रि हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचकर दो मिनट ठहराव के बाद गजरौला के लिए रवाना हो जाएगी। वहीं प्रत्येक शनिवार को आनंद विहार से संचालन होगा और सुबह 6:44 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन आएगी और दो मिनट ठहराव के बाद गजरौला के लिए रवाना होगी।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता का कहना है कि हापुड़ रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को दो मिनट का ठहराव दिया गया है। 22 जनवरी से ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होने के बाद ही बरेली, लखनऊ के साथ ही वाराणसी जाने वाले रेल यात्रियों को एक और ट्रेन की सुविधा का लाभ मिलेगा।
अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों को आरामदायक सीटें, फास्ट चार्जिंग पोर्ट, आधुनिक शौचालय, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा के लिए कवच व फायर डिटेक्शन सिस्टम, आधुनिक डिजाइन और आरामदायक बर्थ, प्रत्येक सीट के पास मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, आधुनिक शौचालय, बायो-वैक्यूम और सेंसर-आधारित पानी के नल व ऑटोमेटिक सोप डिस्पेंसर, फोल्डेबल स्नैक्स टेबल, बॉटल होल्डर आदि की सुविधाएं मिलेंगी, जो रेल यात्रियों के सफर को सुरक्षित और आरामदायक बनाएगी।