बारिश से हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आने से अतरपुरा पापवर स्टेशन दो घंटे तक ठप रहा। इससे दर्जनों मोहल्लों की सप्लाई ठप होने से लोगों को आफत झेलनी पड़ी। फीडर-3 से जुड़ी लाइन का फाल्ट शाम तक ठीक नहीं हो पाया था। शाम तक कर्मचारी फाल्ट तलाशने में जुटे थे।
अतरपुरा पावर स्टेशन से अतरपुरा, शिवपुरी, राधापुरी, श्रीनगर, गोल मार्केट समेत रेलवे रोड के आधा दर्जन मोहल्लों को सप्लाई जाती है। मंगलवार दोपहर को तेज बारिश से हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आ गया। इससे पावर स्टेशन ठप हो गया।
विद्युतकर्मियों ने एचटी लाइन की पेट्रोलिंग शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद फाल्ट ठीक करके पावर स्टेशन को ओके कर लिया गया, लेकिन फीडर-3 से जुड़ा फाल्ट शाम तक नहीं मिला।
इससे मोहल्ला भगवती गंज, पक्काबाग, किशनगंज, इंद्रलोक की आपूर्ति बाधित रही। विद्युत कर्मी रात तक फाल्ट तलाशने में लगे थे। अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि बारिश के कारण हाईटेंशन लाइन में फाल्ट के कारण समस्या बनी थी।
इसे ठीक करके बिजलीघर को तो चालू कर दिया गया है। जल्द ही फीडर को भी चालू कर दिया जायेगा।