कलक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन देने पहुंचे सपा कार्यकर्ता। स्रोत: सपा
हापुड़। मतदाता सूची में कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज के आधार पर नाम दर्ज कराने का आरोप लगाया है। इसे लेकर शनिवार को सपा कार्यकर्ता एकत्र होकर कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। साथ ही मामले में जांच कराकर कार्रवाई की मांग को लेकर डिप्टी कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के नियम 31 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के प्रावधानों का उल्लंघन किया जा रहा है। इस मामले में विभिन्न जिलों से शिकायतें सामने आई थीं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का अवलोकन करने पर कथित तौर पर ऐसे मामले सामने आए, इनमें कुछ लोगों के नाम दर्ज कराने के लिए फर्जी आधार कार्ड और स्नातक अंतिम वर्ष की मार्कशीट का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। आरोप है कि कुछ कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से संबंधित लोगों की सहमति के बिना उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की कोशिश की गई।
शिकायत में हापुड़ के अलावा गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में बने वोटों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। जिलाध्यक्ष ने निर्वाचन अधिकारियों से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता बनने की प्रक्रिया पर रोक लगाने, मामले में मुकदमा दर्ज कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही लोगों से अपील की है कि वे फर्जी आधार कार्ड के आधार पर मतदान प्रक्रिया में शामिल न हों और किसी को होने भी नहीं दें। इस दौरान श्यामसुंदर भुर्जी, आस मोहम्मद, अब्दुल चौधरी आदि मौजूद रहे।