गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मोहल्ला राजीव नगर निवासी देवेंद्र ने कोतवाली में तहरीर दी है। जिसने बताया कि उसने और सेगेवाला मोहल्ला निवासी रवि शंकर ने पालिका के पूर्व सभासद उस्मान निवासी मोहल्ला इंद्रा नगर से दो स्कूटी खरीदी थीं। स्कूटी को अपने नाम पर रजिस्टर्ड कराने के लिए वह हापुड़ आरटीओ कार्यालय पहुंचे। जहां जांच में उन्हें बताया कि दोनों स्कूटी की आरसी नकली हैं। सोमवार को वह दोनों आरोपी के घर इस बारे में पूछताछ करने के लिए पहुंचे, तो पूर्व सभासद ने उनके साथ अभद्रता की। विरोध करने पर पिटाई कर जान से मारने की धमकी भी दी। सीओ वरूण मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 352, 115(2), 351(3) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।