हापुड़। ग्राम पंचायत रघुनाथपुर चंदपुरा के पूर्व और वर्तमान प्रधान पर विकास कार्यों में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की गई थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने सहायक श्रमायुक्त को जांच सौंपी है।
ग्राम निवासी संजय तोमर, अमित कुमार, पुष्पेंद्र, आकाश तोमर, दिनेश कुमार, ऋषिपाल, विनीत, मोनी कुमार ने डीएम से शिकायत की थी। आरोप था कि पूर्व प्रधान सुदेश के कार्यकाल वित्तीय 2017-18 से 2020 तक व पूर्व प्रधान ज्योति के कार्यकाल, कार्यवाहक प्रधान प्रदीप कुमार और वर्तमान प्रधान खेमचंद के द्वारा विकास कार्यों में अनियमितताएं बरती गई हैं। मात्र कागजों में विकास कार्य दिखाकर करीब दो करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। जबकि, मौके पर कार्य नहीं हुए हैं। इसलिए इन कार्यों की जांच फोटो के साथ होनी चाहिए। साथ ही भुगतान और मौके पर जांच के फोटो भी लगाए जाए। इसके अलावा ग्रामीणों के बयान भी दर्ज हों, जिससे कि वास्तविक स्थिति की जानकारी हो सके। आरोप है कि सड़क और नाली का निर्माण न कराकर करीब एक करोड़ का भुगतान फर्जी तरीके से किया गया है।
मामले में डीएम प्रेरणा शर्मा ने सहायक श्रमायुक्त को जांच और पीएमजीएसवाई द्वितीय के सहायक अभियंता को तकनीकी जांच के लिए अधिकारी नियुक्त किया है। हालांकि, इस दौरान आरोपी पक्ष को भी सुनने के निर्देश दिए गए हैं।
नियम विरुद्ध आठ बेटियों की शादी कराने का आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सामहूकि विवाह योजना के तहत गांव की आठ बेटियों की शादी कराई गई, लेकिन इन युवतियों की शादी पहले ही हो चुकी है। कई युवतियों पर बच्चे तक हैं। इसलिए इस शादी योजना की जांच कराई जाए।