बहादुरगढ़। गांव सालारपुर में दो युवकों के बीच सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक करने को लेकर हुए विवाद ने बुधवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। देर शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
गांव निवासी एक युवक का आरोप है कि जनपद बुलंदशहर के बीबीनगर क्षेत्र निवासी युवक वर्तमान में सालारपुर में अपनी बहन के यहां रहता है, जिसने उसका इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक कर दिया। इसी बात को लेकर तीन दिन पहले भी उनके बीच विवाद हुआ था। वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि पिछले तीन दिनों से युवक बेबुनियाद आरोप लगाते हुए हंगामा कर रहा था। बुधवार को उसके परिवार के लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर उनके घर में घुस आए। जिन्होंने घर में मौजूद महिलाओं, बच्चों समेत अन्य लोगों पर हमला कर दिया। हमले में परिवार के कई लोग घायल हुए हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।