हापुड़। जिले में स्वाइन फ्लू की चपेट में आए 14 मरीजों में 13 स्वस्थ होकर अपने घर पहुंच गए हैं। इन मरीजों ने घबराने के बजाय सकारात्मक सोच रखने, डॉक्टर की सलाह का पालन करने और पर्याप्त आराम करने से स्वस्थ होना बताया। जिले में अब इस रोग का प्रसार कम हुआ है जो राहत की बात है।
वर्ष 2017 में स्वाइन फ्लू काफी घातक रहा था। इसमें आठ लोगों की मौत हो गई थी। हालांकि इस बार मरीजों की सकारात्मकता और बेहतर उपचार से मरीज रिकवर कर रहे हैं। धनौरा निवासी एक बुजुर्ग की स्वाइन फ्लू से मौत जरूर हुई है।
हापुड़ के 14 पॉजिटिव मरीजों में आठ की उम्र 60 साल से पार है। काउंसिलिंग में इन मरीजों ने बताया कि शुरुआत में सांस लेने में समस्या हुई थी। खांसी के कारण दम भी नहीं जुड़ पा रहा था लेकिन चिकित्सकों के परामर्श पर नियमित दवाओं का सेवन किया। अब पूरी तरह ठीक हैं। ये सभी मरीज अस्पतालों से अपने घर लौट चुके हैं।
अस्पतालों में पहुंच रहे वायरल बुखार के मरीज : अस्पतालों में अभी भी वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को भी हापुड़ सीएचसी और जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार के 550 से ज्यादा मरीज आए। इसके अलावा चर्म रोग, पेट संक्रमण के मरीज भी बढ़ रहे हैं।