पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रिलायंस रोड पर राजश्री गोदाम के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दीपक और सोनू को टक्कर मार दी। दोनों बाइक के साथ ट्रक के नीचे फंस गए। आरोप है कि शराब के नशे में चालक ने दोनों को करीब दो सौ मीटर तक घसीटा, जिससे दोनों की मौत हो गई। नशे में धुत चालक ने सड़क किनारे टहल रहे एक अन्य युवक को भी टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव खेड़ा निवासी दीपक के भाई प्रदीप ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि दीपक (25) पुत्र राजपाल सिंह गांव के ही अपने दोस्त सोनू (30) पुत्र गंगाराम के साथ पिलखुवा में रिलायंस रोड पर स्थित मीसो कंपनी में नौकरी करते थे। मंगलवार देर शाम दोनों बाइक से काम पर जाने के लिए निकले थे। थोड़ी देर बाद ही हादसे की सूचना मिली।
पुलिस के अनुसार राजश्री गोदाम के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक के साथ ट्रक के नीचे फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोगों के चिल्लाने के बावजूद चालक दोनों को करीब दो सौ मीटर तक घसीटता ले गया।
इसी दौरान सड़क किनारे पैदल जा रहा गाजियाबाद के मोहल्ला कविनगर सर्वोदय नगर निवासी आकाश भी ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने दोनों को ट्रक के नीचे से निकालकर अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सक ने दीपक और सोनू को मृत घोषित कर दिया। घायल आकाश का उपचार चल रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक बबलू निवासी गांव ककरेटिया जिला मथुरा को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ मुनीश चंद्र का कहना है कि आरोपी चालक नशे में था। उसका मेडिकल कराया गया है। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शोर सुनकर ट्रक रोक लेता चालक तो बच सकती थी जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शोर मचाने पर ट्रक चालक ट्रक को रोक लेता तो दोनों दोस्तों की जान बच सकती थी। लोगों के शोर मचाने के बावजूद आरोपी चालक ने भागने की फिराक में ट्रक की स्पीड बढ़ा दी और दोनों दोस्त ट्रक के नीचे फंसे हुए घिसटते चले गए। शायद इसी कारण उन्हें गंभीर चोट लगी और उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार दोनों पिछले कई सालों से साथ काम करते थे और फिलहाल दोनों की नाइट ड्यूटी चल रही थी।
दीपक के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के अनुसार दीपक चार भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर पर थे और अविवाहित थे। उनके पिता राजपाल और मां अनेश हैं। दोनों माता-पिता कैंसर की बीमारी से पीड़ित हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। वहीं खेड़ा गांव की नई आबादी निवासी सोनू भी मीसो कंपनी में नौकरी करते थे। परिवार में पत्नी पूजा और छह वर्षीय बेटा वीर है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। एक साथ दो मौतों से गांव खेड़ा में मातम छाया हुआ है। बुधवार शाम दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पिलखुवा में सड़क दुर्घटना होने के बाद सड़क पर खड़ा ट्रक। स्रोत: पुलिस