टोल प्लाजा पर स्थानीय अधिवक्ताओं के साथ अभद्रता का मामला शुक्रवार को तूल पकड़ गया। नाराज अधिवक्ताओं ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर विरोध जताया और टोल कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामला बढ़ता देख टोल प्रबंधक और कर्मचारी तहसील पहुंचे, जहां उन्होंने अधिवक्ताओं के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी घटना नहीं होने का आश्वासन दिया और माफी मांगी। इसके बाद मामला शांत हुआ।
अधिवक्ता हिमांशु त्यागी ने बताया कि वे साथी प्रशांत वर्मा अपने साथी अधिवक्ता की बेटी की शादी में शामिल होकर कार से ब्रजघाट की ओर से लौट रहे थे। उनका आरोप है कि टोल प्लाजा पर उन्होंने स्थानीय निवासी होने के साथ अधिवक्ता होने का परिचय दिया। इस पर बूथ पर मौजूद कर्मचारी ने उनके साथ अभद्रता की। अधिवक्ताओं का आरोप है कि कर्मचारी ने यहां तक कह दिया कि वह एसडीएम और तहसीलदार तक से टोल शुल्क वसूलते हैं, ऐसे में वे कौन होते हैं। इस व्यवहार से नाराज अधिवक्ता शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे और घटना के विरोध में आवाज उठाई। उन्होंने टोल प्लाजा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ताओं का कहना था कि सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति से अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विरोध की जानकारी मिलने पर टोल प्रबंधक और संबंधित कर्मचारी तहसील पहुंचे। उन्होंने अधिवक्ताओं के सामने घटना को स्वीकार करते हुए खेद जताया और भविष्य में ऐसी शिकायत नहीं मिलने का भरोसा दिलाया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने अपना विरोध समाप्त कर दिया। इस दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजेंद्र चौहान, सचिव जितेंद्र यादव, हेमंत गौड़, मोहित गुप्ता, जितेंद्र भाटी, बलराज त्यागी, वीरेंद्र चौहान, चंद्रशेखर चौहान, ललित वर्मा, गुलशन, कुलदीप निषाद और कुलदीप शर्मा सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।