हापुड़। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना के लिए बुधवार को हापुड़ बार एसोसिएशन के अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्यों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम प्रेरणा शर्मा को सौंपा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष रामनिवास सिंह और सचिव विकास कुमार त्यागी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का प्रतिनिधि मंडल पहले कलक्ट्रेट पहुंचा। अधिवक्ताओं ने डीएम को ज्ञापन देते हुए बताया कि भारत वर्ष में उत्तर प्रदेश जनसंख्या की दृष्टि से काफी बड़ा है, तथा क्षेत्रफल की दृष्टि से भी उत्तर प्रदेश का भारत में चौथा स्थान है। संपूर्ण उत्तर प्रदेश में मुख्य उच्च न्यायालय, प्रयागराज व लखनऊ में बेंच स्थित है, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता का दुर्भाग्य कहे या पिछली सरकार के अड़ियल रवैये, सहयोग न मिलने के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज तक भी हाईकोर्ट बेंच स्थापित नहीं हो पाई है। इस संबंध में केंद्रीय सरकार व राज्य सरकार द्वारा कोई प्रभावी कदम भी नहीं उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता न्याय पाने के लिए करीब 600 किलोमीटर दूर स्थित प्रयागराज उच्च न्यायालय के चक्कर लगाता है, तथा न्याय पाने में काफी समय व्यर्थ होने के साथ साथ आर्थिक क्षति भी अत्यधिक होती है। जिस कारण सस्ता एवं सुलभ न्याय पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता को नही मिल पाता तथा इसी आर्थिक तंगी के चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बेसहारा मजलूम, गरीब एवं संघर्षरत व्यक्तियों को सस्ता एवं सुलभ न्याय नहीं मिल पाता है। ज्ञापन देने वालों में संदीप त्यागी, धीरेंद्र त्यागी, महेंद्र सिंह, अक्षय गुप्ता, पीयूष सक्सेना, भोपाल सिंह सिसोदिया, पंकज कुमार, मोहित त्यागी बनखंडा, अनोध श्रीवास्तव मौजूद थे।