हापुड़। बृह्स्पतिवार को ट्रैफिक पुलिस द्वारा अधिवक्ता की बाइक का चालान काट दिया गया। इससे नाराज अधिवक्ताओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। नारेबाजी करते हुए तहसील चौपला पर पहुंचे और जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी और यातायात प्रभारी के मनाने पर अधिवक्ताओं ने जाम खोल दिया। इस दौरान करीब 15 मिनट तक तहसील चौराहा जाम रहा। तेज गर्मी और धूप के कारण जाम में फंसे लोग बिलबिला उठे।
अधिवक्ता हनीफ बाइक पर सवार होकर कचहरी से निकले थे। जैसे ही वे तहसील चौपला पर पहुंचे तो परिचय देने के बावजूद यातायात पुलिस ने बाइक का चालान काट दिया। बृहस्पतिवार सुबह अधिवक्ता ने इस मामले की जानकारी साथी अधिवक्ताओं को दी। जिस पर अधिवक्ताओं में रोष उत्पन्न हो गया और तहसील चौपला पर पहुंचकर जाम लगा दिया। बार एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र शर्मा ने बताया कि जिले में कोर्ट परिसर अलग-अलग होने के कारण उन्हें आना-जाना पड़ता रहता है। कभी-कभी मजबूरी में साथी को लाने के चक्कर में एक दो लोग बाइक पर बैठ भी जाते हैं। ऐसे में पुलिस को अधिवक्ताओं की मजबूरी भी समझनी चाहिए। वहीं, तहसील चौपला पर जाम लगने के कारण दिल्ली रोड, मेरठ रोड, बुलंदशहर रोड, गढ़ रोड पर वाहनों की लंबी लंबी कतार लग गई। भीषण गर्मी में जाम में फंसे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र प्रकाश सिंह और यातायात प्रभारी छवि राम मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं से वार्ता की। पुलिस ने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि भविष्य में इसे ओर ध्यान दिया जाएगा। चालान वापस लेने और पुलिस के अनुरोध पर अधिवक्ता वापस लौट गए। यातायात प्रभारी छविराम ने बताया कि अधिवक्ताओं से वार्ता करने के बाद विवाद का शांत कर दिया गया।