हापुड़। जनपद के बंदियों को गाजियाबाद के जिला कारागार डासना से नियम नोएडा कारागार में स्थानांतरित करने के विरोध में सोमवार को हापुड़ बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कंसल व सचिव वीरेंद्र सैनी ने बताया कि वर्ष 2022 में जनपद हापुड के बंदियों को जिला कारागार डासना से जिला कारागार नोएडा में स्थानांतरित करने के लिए शासनादेश जारी हुआ था । उस समय जिला कारागार डासना में लगभग 5500 बंदी थे। वर्तमान में जिला कारागार डासना में लगभग 4000 बंदी निरुद्ध हैं। जनपद हापुड में कारागार का निर्माण भी जल्द पूरा होने जा रहा है। इसलिए हापुड के बंदियों को नोएडा स्थानांतरित करने उचित व जनहित में नहीं है। अधिवक्ता इसका विरोध कर रहे हैं। मुख्यमंत्री को इस मामले से अवगत कराने के लिए जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया जा रहा है। शासन को इस संबंध में जल्द निर्णय लेना चाहिए। इस अवसर पर राजकुमार शर्मा, राजेंद्र त्यागी, पीयूष शर्मा, जावेद, प्रतिक सिंहल, अनस उपस्थित थे।