हापुड़। गढ़ कोतवाली पुलिस ने कपड़ों में छिपाकर ऑन डिमांड अवैध पिस्टल, रिवाल्वर व तमंचे बेचने वाले दो अंतरराज्यीय गिरोह के अवैध शस्त्र तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 11 पिस्टल, एक रिवाल्वर, 10 तमंचे, मैगजीन और 20 कारतूस बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों के साथियों की पुलिस तलाश कर रही है। एसपी ने कोतवाली पुलिस टीम को दस हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने दोनों तस्करों को मंगलवार रात स्याना चौपला के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान जिला मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के ग्राम पिलोखड़ी निवासी बिलाल उर्फ माया व थाना ब्रह्मपुरी हसैनिया मदरसे वाली गली निवासी अनस के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों कपड़ों की फेरी लगाने का काम करते हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी और हरियाणा के विभिन्न जिलों में आपराधिक किस्म के लोगों को हथियारों की सप्लाई करते रहे हैं। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मेरठ के मशहूर सलमान गैंग के सदस्य हैं। उनसे बरामद हथियारों की कुल कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये के करीब है। वह बिहार के मुंगेर व मध्यप्रदेश से हथियारों की तस्करी करते थे। 30 से 35 हजार में पिस्टल, रिवाल्वर व पांच से छह हजार हजार में तमंचा ऑन डिमांड बेचते थे। हथियार बिक्री कर मिलने वाले रुपयों को सभी आपस में बांट लेते थे। पुलिस इनकी साथियों की तलाश कर रही है।
इस वर्ष 734 हथियार तस्करों की हुई गिरफ्तारी
हापुड़ पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ करने में कई सफलता हासिल की हैं। एसपी ने बताया कि वर्ष 2023 में हथियारों की तस्करी व अवैध शस्त्र फैक्टरी का संचालन करने वाले 734 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनसे करीब 16 लाख रुपये की कीमत की 53 अवैध पिस्टल और 28 लाख रुपये के 496 अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं।