पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म और उसके मां बनने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 14 फरवरी की रात किशोरी ने एक बच्ची को जन्म दिया था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता के पिता ने दर्ज रिपोर्ट में बताया था कि 14 फरवरी की रात करीब आठ बजे उनकी पुत्री के पेट में तेज दर्द हुआ। कुछ ही देर में घर पर ही बच्ची का जन्म हो गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार स्तब्ध रह गया।
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि गांव में ही पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसे घर में अकेला पाकर अंदर बंद कर जबरदस्ती की थी। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी। भय और बदनामी के कारण वह अब तक चुप रही।
पीड़िता ने परिजनों को बताया कि आरोपी पड़ोसी होने के कारण घर के आसपास आता-जाता था। घटना के बाद परिवार सामाजिक दबाव और अपमान की आशंका से सहमा रहा। बच्ची के जन्म के बाद पूरा मामला उजागर हुआ। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे सिखेड़ा बंबे से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पक्ष ने राजनीति के तहत फंसाने की बात कहते हुए बच्ची के डीएनए जांच की मांग की है।